
कोरबा-कटघोरा। भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती के पावन अवसर पर कटघोरा स्थित जायसवाल भवन में जायसवाल समाज द्वारा भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान सहस्त्रबाहु जी की पूजा-अर्चना की तथा समाज के उत्थान, शिक्षा, सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल सहित मंचासीन अतिथियों ने भगवान सहस्त्रबाहु जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह के दौरान जायसवाल समाज के प्रतिनिधियों ने सामाजिक भवन की मरम्मत एवं विस्तार की आवश्यकता को प्रमुखता से रखते हुए क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल से सहयोग की मांग की।

उन्होंने कहा कि कलचुरी कलार समाज की दृष्टि से कटघोरा एक बहुसंख्यक क्षेत्र माना जाता है, लेकिन समारोह में उपस्थित लोगों की संख्या को देखकर उनके मन में कहीं न कहीं पीड़ा महसूस हुई।
उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि समाज की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जब हमारा सामाजिक संगठन मजबूत होगा, तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा।
उन्होंने सभी स्वजातीय बंधुओं से आग्रह किया कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर सामाजिक हितों को प्राथमिकता दें तथा आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा और संगठन को मजबूत बनाएं।
समारोह में समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।











