कोरबा कटघोरा (कोरबी-चोटिया) शिक्षा के मंदिर में जब पढ़ाई की जगह आपसी विवाद, अव्यवस्था और जिम्मेदारियों से बचने की शिकायतें सामने आने लगें, तो इसका सबसे बड़ा खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ता है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र कोरबी स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेंडरी स्कूल की मौजूदा स्थिति को लेकर ऐसे ही गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कभी क्षेत्र के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में गिने जाने वाले इस विद्यालय की व्यवस्था अब सवालों के घेरे में है। शिक्षकों के बीच कथित आपसी विवाद, नियमित पढ़ाई में बाधा, विषय विशेषज्ञों की कमी और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय की बिगड़ती शैक्षणिक परिस्थितियों से परेशान होकर कई दर्जन छात्र-छात्राओं ने टीसी लेकर दूसरे विद्यालयों में प्रवेश लिया है। यदि यह स्थिति सही पाई जाती है तो यह संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।











