तानाखार धान उपार्जन केंद्र में बदहाल व्यवस्था, न चबूतरा, न शेड… खुले आसमान के नीचे धान की सुरक्षा भगवान भरोसे,,
,,किसानों की मेहनत से उपजे धान के रखरखाव की नहीं है कोई पुख्ता व्यवस्था, वर्षों से लंबित निर्माण कार्य पर उठ रहे सवाल,,
कोरबा (पोड़ी उपरोड़ा)। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन द्वारा बेहतर इंतजाम किए जाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तानाखार धान उपार्जन केंद्र में अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है। यहां विगत वर्षों से ग्राम पंचायत परिसर में ही धान खरीदी का कार्य संचालित किया जा रहा है, लेकिन आज तक किसानों की सुविधा और धान के सुरक्षित रखरखाव के लिए न तो पक्के चबूतरे का निर्माण कराया गया है और न ही शेड की समुचित व्यवस्था की गई है।
ऐसे में खुले परिसर में धान खरीदी और उसके रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मौसम में बदलाव, बारिश और अन्य परिस्थितियों के बीच धान की सुरक्षा करना बड़ी चुनौती बना हुआ है। किसानों की मेहनत से तैयार की गई उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अभाव व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
इस संबंध में संबंधित फड़ प्रभारी ने बताया कि समिति द्वारा ग्राम पंचायत परिसर में अस्थायी व्यवस्था बनाकर धान खरीदी का कार्य कराया जा रहा है। पूर्व में शासन द्वारा तानाखार धान उपार्जन केंद्र के लिए निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। संबंधित निर्माण एजेंसी को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मजबूरन समिति को अस्थायी व्यवस्था के बीच धान खरीदी संचालित करनी पड़ रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब धान खरीदी केंद्र के लिए निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुका था, तो वर्षों बाद भी चबूतरा और शेड का निर्माण क्यों नहीं कराया गया? आखिर किसानों की उपज की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से अपेक्षा है कि तानाखार धान उपार्जन केंद्र की बदहाल व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसानों को परेशानी न हो और खरीदे गए धान का सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।