कटघोरा (कोरबा) धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन द्वारा कटघोरा के हाई स्कूल मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम एवं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, आदिवासी समाज के स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सामाजिक समर्पण के साथ करने की शुभकामनाएं दीं।











