गौरेला-पेण्ड्रा। भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन की जयंती के अवसर पर गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला कलचुरी (कलार) समाज ने सामाजिक एकता, सम्मान और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। पेण्ड्रारोड स्थित अग्रोहा भवन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, मेधावी विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
समारोह का शुभारंभ भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के स्मरण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक गौरव, परंपरा और आपसी भाईचारे की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन के जीवन, शौर्य और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे हैहय वंश के महान राजा थे। उनका मूल नाम कार्तवीर्य अर्जुन था और उनकी राजधानी नर्मदा नदी के तट पर स्थित माहिष्मती नगरी मानी जाती है।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन केवल समाज के आराध्य देव ही नहीं, बल्कि साहस, पराक्रम, संगठन और स्वाभिमान के प्रतीक भी हैं। समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
आयोजन के माध्यम से समाज के वरिष्ठजनों के अनुभवों और युवाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने की पहल की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामाजिक उत्थान, शिक्षा के विस्तार और समाज की एकजुटता को मजबूत बनाने पर अपने विचार रखे।
इनकी रही विशेष उपस्थिति











