कोरबा कटघोरा—— इंसान अपने जीवन में धन, संपत्ति, मान-सम्मान और भौतिक सुख-सुविधाएं अर्जित करने की दौड़ में पूरी जिंदगी गुजार देता है। जीवनभर मोह-माया, काम, क्रोध, लोभ और अहंकार के बीच उलझा मनुष्य अक्सर यह भूल जाता है कि एक दिन यह शरीर मिट्टी में मिल जाना है। लेकिन यदि मृत्यु के बाद भी यही शरीर किसी दूसरे के भविष्य को संवारने, चिकित्सा विज्ञान को आगे बढ़ाने और मानवता की सेवा करने के काम आ जाए, तो इससे बड़ा सामाजिक योगदान शायद ही कोई हो सकता है।
इसी मानवीय सोच, सामाजिक सरोकार और परोपकार की भावना के साथ कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विनोद जायसवाल ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए देहदान का संकल्प लिया है। उन्होंने 25 नवंबर 2026 को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा पहुंचकर शरीर रचना विज्ञान विभाग (एनाटॉमी विभाग) में स्वैच्छिक देहदान से संबंधित घोषणा पत्र की औपचारिकताएं पूरी कीं और मृत्यु के पश्चात अपना शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए समर्पित करने की घोषणा की।











