कोरबा में सनातनी सम्मेलन का विराट आयोजन: हजारों की भीड़ के बीच गूंजा धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश, 21 श्रेणियों में होगा धर्मरक्षकों का सम्मान, घंटाघर ओपन थिएटर में धर्मसेना एवं मातृशक्ति छत्तीसगढ़ का भव्य आयोजन, संतों-महात्माओं और विशिष्ट अतिथियों ने रखे विचार; प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने किया एक लाख लोगों की घर वापसी का लक्ष्य घोषित,,
कोरबा। छत्तीसगढ़ की ऊर्जा नगरी कोरबा में रविवार का दिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के नाम रहा। शहर के घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में धर्मसेना एवं मातृशक्ति छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं विशाल सनातनी सम्मेलन में हजारों की संख्या में धर्मप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।
सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते ओपन थिएटर परिसर जनसमूह से भर गया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ टीम चरक द्वारा किए गए शंखनाद से हुआ। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। शंखध्वनि और सामूहिक पाठ से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजन में संत समाज, धर्माचार्यों और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
संतों और विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
सम्मेलन में महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद जी महाराज, दीदी मां प्रज्ञा भारती, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, डॉ. अशोक हरिवंश, आचार्य राकेश जी महाराज, पंडित अजय उपाध्याय जी महाराज और अंजू गभेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधनों में सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, सामाजिक एकता, जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, धर्मांतरण और धार्मिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
आचार्य राकेश जी महाराज ने याद दिलाया धर्म और संस्कृति की रक्षा का इतिहास
मुख्य वक्ताओं में शामिल आचार्य राकेश जी महाराज ने भारतीय इतिहास में संतों और संन्यासियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में अनेक संतों एवं महापुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद जी महाराज सहित धर्म और समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को अपने इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों के संघर्षों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों का भी उल्लेख किया और जनजातीय क्षेत्रों में उनकी सक्रियता तथा घर वापसी अभियान को याद किया।
डॉ. अशोक हरिवंश ने उठाए जनजातीय समाज के अधिकार और प्रतिनिधित्व के मुद्दे
डॉ. अशोक हरिवंश ने छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड के संदर्भ में जनजातीय समाज की स्थिति, सामाजिक पहचान और धर्मांतरण से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए जागरूक होना आवश्यक है।
अपने संबोधन में उन्होंने जनजातीय नेता कार्तिक उरांव की चर्चित पुस्तक ‘बीस वर्ष की काली रात’ का उल्लेख किया। उन्होंने आईएएस और आईपीएस जैसी सेवाओं में जनजातीय वर्ग के प्रतिनिधित्व तथा सामाजिक अवसरों को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने वर्ष 1951 और 2011 की जनगणना के आंकड़ों का हवाला देते हुए धार्मिक जनसंख्या में हुए बदलावों पर चिंता व्यक्त की। साथ ही भारतीय संस्कृति के वसुधैव कुटुंबकम के सिद्धांत और भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव का बड़ा संकल्प: अगले वर्ष एक लाख लोगों की घर वापसी का लक्ष्य
सम्मेलन के दौरान प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने परिवार के कोरबा से पुराने संबंधों को याद किया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जब जांजगीर लोकसभा क्षेत्र से सांसद थे, उस समय कोरबा भी इसी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हुआ करता था। उन्होंने कहा कि कोरबा की जनता ने उनके पिता को हमेशा स्नेह और सम्मान दिया।
उन्होंने अपने पिता के जीवन और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव ने राजसी जीवनशैली से अलग हटकर जनजातीय क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए काम किया। उनके घर वापसी अभियान के दौरान लोगों का चरण पखारकर और तिलक लगाकर स्वागत करने की परंपरा विशेष रूप से चर्चित रही।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि वे अपने पिता के अधूरे संकल्पों और सामाजिक अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।
उन्होंने धर्मांतरण को सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए ‘धर्मांतरण से राष्ट्रांतरण’ की अवधारणा रखी और समाज से संगठित रहने की अपील की। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लाए गए धर्म स्वातंत्र्य विधेयक का भी उल्लेख किया।
उन्होंने आगामी वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ में एक लाख से अधिक लोगों की घर वापसी का लक्ष्य रखने की बात कही। इस अभियान में संत समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
दीदी मां प्रज्ञा भारती का ओजस्वी संबोधन: हिंदू समाज को अपनी विरासत पहचानने की जरूरत
दीदी मां प्रज्ञा भारती ने अपने संबोधन में हिंदू समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, ऐतिहासिक विरासत और परंपराओं के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।
उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों को प्रबल प्रताप सिंह जूदेव आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह केवल सम्मान प्रदान करने का आयोजन नहीं, बल्कि समाज को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने और सांस्कृतिक चेतना जगाने का अवसर है।
उन्होंने गौसेवा, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय लोगों के योगदान को रेखांकित करते हुए समाज से ऐसे कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने की अपील की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “मैं यहां केवल भाषण देने नहीं, बल्कि आपकी चेतना को झकझोरने आई हूं। उठो, जागो और पहचानो कि तुम कौन हो।”
उन्होंने भारतीय ऋषि परंपरा, क्षत्रिय शौर्य, गंगा, हिमालय और सनातन संस्कृति की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना प्रत्येक समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आयोजन की सूत्रधार अंजू गभेल सहित धर्मसेना और मातृशक्ति के कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने दिया सामाजिक एकता और समरसता का संदेश
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद जी महाराज ने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ की पावन भूमि और माता शबरी की भक्ति को नमन किया। उन्होंने मंच पर उपस्थित संतों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन किया।
उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को याद करते हुए कहा कि परिवार और समाज में ऐसे संस्कार विकसित होने चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां अपने माता-पिता और पूर्वजों का गौरव बढ़ाएं।
उन्होंने डॉ. अशोक हरिवंश के राम मिलेंगे आश्रम से जुड़े कार्यों की सराहना की और भगवान श्रीराम की भक्ति के आदर्श के रूप में हनुमान जी के समर्पण, सेवा और निष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
सनातन परंपरा की व्याख्या करते हुए उन्होंने सूर्य, वायु, जल और प्रकृति के प्रति भारतीय संस्कृति में मौजूद सम्मान की भावना को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और प्रकृति के संरक्षण की भावना हमारी परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है।
धर्मांतरण के विषय पर उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर आर्थिक और अन्य प्रलोभनों के माध्यम से लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने समाज को ऐसे मामलों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
छुआछूत और जातिगत भेदभाव के खिलाफ भी उठी आवाज
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने अपने संबोधन में सामाजिक समरसता को विशेष महत्व दिया। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को छोटा या बड़ा समझना समाज की एकता के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने छुआछूत और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार समाज को जातिगत विभाजन से ऊपर उठकर एकजुटता और समानता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत को संबंधित सामाजिक संगठनों तक पहुंचाने की अपील की।
उद्बोधन के समापन पर उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के पवित्र संदेश के माध्यम से सभी के सुख, शांति और कल्याण की कामना की।
21 श्रेणियों में होगा धर्म, संस्कृति और गौसेवा से जुड़े लोगों का सम्मान
सम्मेलन की एक प्रमुख विशेषता धर्म, संस्कृति, गौसेवा और सामाजिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों एवं संगठनों को सम्मानित करने की प्रस्तावित रूपरेखा रही।
आयोजन में कुल 21 श्रेणियों में सम्मान की व्यवस्था रखी गई। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
-
गौ सेवक एवं गौ रक्षक।
-
मठ-मंदिरों के पुजारी।
-
कथा वाचक एवं धर्माचार्य।
-
रामायण एवं भजन मंडलियां।
-
सुंदरकांड मंडलियां।
-
गणेश उत्सव एवं दुर्गा उत्सव समितियां।
-
समाज प्रमुख एवं सामाजिक संगठन।
-
योग आचार्य।
-
भारतीय सेना के जवान।
-
विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक समितियां।













