कोरबा, छत्तीसगढ़: पोडी-उपरोड़ा क्षेत्र के कोरबी चोटिया हाई सेकेंडरी आत्मानंद विद्यालय में अव्यवस्थाओं और संसाधनों की कमी ने शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चरमरा दिया है। यह विद्यालय, जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में संचालित होता है, विशेष रूप से अंग्रेजी माध्यम वाला आत्मानंद स्कूल, भगवान भरोसे चल रहा है। लगभग 400 छात्र-छात्राओं की दर्ज संख्या के बावजूद केवल चार शिक्षक उपलब्ध हैं, जिसके कारण पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। अभिभावक अपने बच्चों का भविष्य बचाने के लिए मजबूरन टीसी कटवाकर उन्हें अन्य स्कूलों में दाखिला दिला रहे हैं। इस गंभीर स्थिति के बावजूद न तो स्थानीय प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधि इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठा रहे हैं।

