आत्मज्योति जलाकर अपने अंदर के गुणों और शक्तियों को जागृत करना ही सच्ची दीपावली: कुसुम दीदी,
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय कटघोरा में आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया दीपावली पर्व, मां लक्ष्मी की आकर्षक रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र। 
कटघोरा —– दीपावली केवल घरों में दीप जलाने और बाहरी रोशनी से सजावट करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर ज्ञान, शांति, प्रेम, पवित्रता और सकारात्मक शक्तियों की ज्योति प्रज्वलित करने का भी पावन अवसर है। आत्मज्योति जलाकर अपने अंदर छिपे गुणों एवं शक्तियों को जागृत करना ही सच्चे अर्थों में दीपावली मनाना है। इसी आध्यात्मिक संदेश के साथ बुधवार, 4 नवंबर 2026 को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के भारत भाग्य विधाता भवन, कटघोरा में दीपावली पर्व हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया।


मां लक्ष्मी की आकर्षक रंगोली ने दिया आध्यात्मिक संदेश
दीपावली के अवसर पर भवन में मां लक्ष्मी के स्वरूप की एक बेहद आकर्षक एवं मनमोहक रंगोली तैयार की गई, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। रंग-बिरंगे रंगों, फूलों और दीपों से सुसज्जित इस रंगोली में मां लक्ष्मी को कमल पर विराजमान दर्शाया गया। रंगोली के चारों ओर जलते हुए दीपक और फूलों की सजावट ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

रंगोली के माध्यम से आत्मा के दिव्य गुणों और शक्तियों का सुंदर संदेश भी प्रस्तुत किया गया। कमल की पंखुड़ियों पर सम्मान, सहजता, संवेदना, निर्णय, विस्तार, सहयोग, संतुष्टि, समाधान, पुरुषार्थ तथा अन्य सकारात्मक गुणों को दर्शाया गया। वहीं मां लक्ष्मी के स्वरूप के आसपास सुख, प्रेम, ज्ञान, शांति, शक्ति, उमंग, पवित्रता और धैर्य जैसे गुणों को विशेष रूप से उकेरा गया।
इस सुंदर कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वास्तविक समृद्धि केवल धन-संपत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में अच्छे संस्कार, श्रेष्ठ विचार, पवित्रता, शांति और सद्गुणों का होना ही सच्ची संपन्नता है। रंगोली के निर्माण में बहनों कंचन, उत्तरा एवं कुसुम दीदी का विशेष योगदान रहा।

एसडीओपी विजय सिंह सहित नगर के गणमान्य नागरिक हुए शामिल
इस आध्यात्मिक एवं गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कटघोरा के एसडीओपी भ्राता श्री विजय सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ नगर के गणमान्य नागरिक श्री गोपाल विश्वकर्मा, श्री यादव जी, श्री लक्ष्मी नारायण मौरे, श्री राम कुमार यादव, श्री जितेंद्र ठाकुर, श्रीमती विजेता जायसवाल एवं श्रीमती संतोषी सहित अन्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।














