कोरबा/कटघोरा: बुनियादी सुविधाओं और त्वरित न्याय वितरण को मिलेगी गति छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण दौरे के तहत कोरबा जिला न्यायालय और व्यवहार न्यायालय कटघोरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरे को क्षेत्र में न्यायिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और अदालती व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अपने निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, अधोसंरचना, मूलभूत व्यवस्थाओं और न्यायिक कार्यों के संचालन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि त्वरित न्याय वितरण सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर सुविधाएं आवश्यक हैं। मुख्य न्यायाधीश ने अपने कार्यकाल के दौरान राज्य भर में अदालतों के बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने की बात भी दोहराई।
मुख्य न्यायाधीश ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने न्यायाधीशों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि न्यायालय में आने वाले पक्षकारों को किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें समयबद्ध तरीके से न्याय मिल सके। इस दिशा में उन्होंने आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन भी दिए।











