सेवा सेतु बना आमजन का सहारा, समय पर मिला निवास प्रमाण पत्र, छात्रा की पढ़ाई में नहीं आई बाधा,,
कोरबा, 1 जुलाई। छत्तीसगढ़ सरकार की “सेवा सेतु” पहल नागरिकों तक शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से अब विभिन्न प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों को कई कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
इस पहल का लाभ कोरबा जिले के ग्राम लबेद निवासी मोहित राम को भी मिला। उनकी पुत्री पदमा राठिया, जो कक्षा 9वीं की छात्रा हैं, के शैक्षणिक कार्यों के लिए निवास प्रमाण पत्र आवश्यक था। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया, जहां प्रक्रिया सरल और सुगम रही तथा निर्धारित समय के भीतर उन्हें निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
मोहित राम ने बताया कि पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने के लिए कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से उनका कार्य बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के आसानी से पूरा हो गया।
उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। इससे समय, श्रम और आर्थिक खर्च की बचत हो रही है तथा लोगों का सरकारी सेवाओं के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
मोहित राम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु के कारण उनकी पुत्री को समय पर निवास प्रमाण पत्र मिल गया, जिससे उसकी पढ़ाई से जुड़े जरूरी कार्य बिना किसी परेशानी के पूरे हो सके। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए जिला प्रशासन की भी सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठाकर शासकीय सेवाओं का समय पर लाभ प्राप्त करेंगे।