मुख्यमंत्री निवास में समीक्षा बैठक सम्पन्न, मंत्रिमंडल बदलाव की अटकलों पर फिलहाल विराम
रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में बुधवार देर शाम आयोजित उच्चस्तरीय बैठक सम्पन्न हो गई। बैठक को लेकर दिनभर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं और अटकलें चलती रहीं। कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और राजनीतिक सूत्रों के हवाले से मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव अथवा सामूहिक इस्तीफे जैसी बातें सामने आई थीं, लेकिन बैठक समाप्त होने के बाद ऐसी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में राज्य सरकार के लगभग ढाई वर्षों के कार्यकाल के दौरान संचालित योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों तथा आगामी रणनीतियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के कामकाज, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता तक पहुंच रहे लाभों की जानकारी ली।
बैठक के दौरान आगामी विधानसभा सत्र, संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, विकास कार्यों की गति तथा प्रदेश में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा किए जाने की जानकारी मिली है। सरकार की प्राथमिकता जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने पर केंद्रित रही।बैठक शुरू होने के बाद राजनीतिक हलकों में मंत्रिमंडल फेरबदल और कुछ मंत्रियों के इस्तीफे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि बैठक समाप्ति के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार यह बैठक मुख्य रूप से सरकार के कार्यों की समीक्षा और आगामी रणनीति तय करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। मंत्रिमंडल में बदलाव संबंधी चर्चाओं को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि समय-समय पर सरकार द्वारा इस प्रकार की समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनका उद्देश्य योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना होता है। ऐसे में बैठक को लेकर फैली अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।
फिलहाल राज्य सरकार की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार, फेरबदल अथवा किसी मंत्री के इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में इस संबंध में सामने आ रही खबरों को आधिकारिक पुष्टि होने तक महज अटकलों के रूप में ही देखा जाना चाहिए।