कोरबा कटघोरा —-स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर कटघोरा नगर में आजादी का महापर्व धूमधाम, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत उस ऐतिहासिक स्थल से हुई, जहाँ वर्ष 1947 में स्वतंत्रता के समय पहली बार ध्वजारोहण किया गया था। नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ मिलकर उस पावन स्थल पर अमर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
नगर पालिका में कार्यक्रम के बाद भारत माता मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। माँ भारती का पूजन कर देश और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके उपरांत मंदिर परिसर में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जहाँ सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।








