’साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी, विधायक श्री अमर अग्रवाल ने किया सतर्क रहने का आह्वान*
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री अमर अग्रवाल ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज साइबर अपराध एक गंभीर अपराध की श्रेणी में है और तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ अलग-अलग तरीकों से लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान के माध्यम से आम नागरिकों तक जागरूकता का संदेश पहुंचा रही है। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नगरीय निकायों एवं पंचायत स्तर तक साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके।









