नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय ‘एनकॉर्ड’ की बैठक,,
कोरबा | जन जन की आवाज़ (मुक्त प्रसार हेतु)
कोरबा, 7 जुलाई 2026। जिले में नशा मुक्त वातावरण तैयार करने तथा नशे के विरुद्ध जारी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे की रोकथाम, जनजागरूकता तथा तंबाकू नियंत्रण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए।
शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी स्कूलों और कॉलेजों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल व सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कूरियर एजेंसियों की ली जाएगी बैठक, अवैध नशा मुक्ति केंद्र होंगे बंद
नशीली सामग्रियों की अवैध डिलीवरी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कलेक्टर ने जिले की सभी कूरियर डिलीवरी एजेंसियों की बैठक लेकर एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। इसके साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अवैध रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की पहचान कर उन्हें तत्काल बंद कराया जाए और वैध केंद्रों का संचालन निर्धारित क्षमता व नियमों के अनुरूप सुनिश्चित हो।
ग्रामीण क्षेत्रों में ‘भारत वाहिनी’ संभालेगी कमान
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए समाज कल्याण विभाग को विकासखंड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान को मजबूत करने के लिए ‘भारत वाहिनी’ की इकाइयों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि इसे एक बड़े जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित:
इस उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री देबेन्द्र पटेल, एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना और ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।