कटघोरा—- विजयादशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कटघोरा नगर द्वारा भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। देशभक्ति, अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा के भाव से ओतप्रोत इस पथ संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वयंसेवकों की अनुशासित कदमताल और सामूहिक एकजुटता ने नगर में राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
पथ संचलन का शुभारंभ स्वामी आत्मानंद विद्यालय परिसर से हुआ। यहां एकत्रित स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में नगर भ्रमण के लिए निकले। नगर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों से होते हुए संचलन पुनः स्वामी आत्मानंद विद्यालय परिसर पहुंचा, जहां यह कार्यक्रम सभा के रूप में परिणित हुआ। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंडित श्री मुरारी लाल त्रिपाठी जी उपस्थित रहे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में श्री अनीश शर्मा जी, गुरुघासीदास उपनगर, कोरबा के बौद्धिक प्रमुख ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। इसके अतिरिक्त श्री करुण सिंह राजपूत, जिला सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता श्री अनीश शर्मा जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उद्देश्यों, उसकी कार्यपद्धति और समाज के प्रति स्वयंसेवकों के दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल किसी एक व्यक्ति अथवा संगठन का कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब व्यक्ति अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है, तभी एक सशक्त, संगठित और संस्कारवान समाज का निर्माण संभव होता है।











