कटघोरा कोरबा—– कटघोरा के जाने-माने और निर्भीक वरिष्ठ पत्रकार रामनारायण जायसवाल जी का (73) वर्ष के आयु में अकस्मिक निधन हो गया है। वे अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों का हँसता-खेलता परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, जायसवाल जी हाल ही में रामेश्वरम की धार्मिक यात्रा से वापस लौटे थे। वे मोतियाबिंद के इलाज के लिए राजनांदगांव स्थित अपने मंझले बेटे के घर रुके हुए थे। देर रात लगभग 3:00 बजे अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निधन के बाद पार्थिव देह को एम्बुलेंस से उनके गृहग्राम कटघोरा लाया गया। दोपहर लगभग 1:00 बजे स्थानीय राधा सागर तालाब मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनकी अंतिम यात्रा में शहर के जनप्रतिनिधि, पत्रकार, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। उपस्थित जनसमूह ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।











