मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के 2 गेट बंद: अब 7 जलद्वारों से छोड़ा जा रहा पानी, दर्री बांध के 4 गेट खुले,,
कोरबा: मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के कैचमेंट एरिया में पानी की आवक कम होने से जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बांध के दो जलद्वारों को बंद कर दिया गया है। वर्तमान में 7 जलद्वारों के माध्यम से अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि 19 अगस्त की शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे के बीच पानी की आवक में कमी आने के कारण तीन घंटों के भीतर जलस्तर में लगभग 3 सेंटीमीटर की गिरावट आई है। इसके बाद जलभराव को नियंत्रित करने के लिए गेटों की कुल ओपनिंग 6.00 मीटर से घटाकर 5.00 मीटर कर दी गई है।
बांध की वर्तमान स्थिति और जल प्रवाह के आंकड़े:
-
वर्तमान जलस्तर: 358.24 मीटर (कुल क्षमता का 91.54 प्रतिशत)
-
पानी की आवक : 23,732 क्यूसेक
-
कुल निकासी : 35,807 क्यूसेक
-
जलद्वार स्थिति: 7 गेट एवं पावर हाउस के माध्यम से निकासी जारी













