कोरबा/कटघोरा—– खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, व्यवस्थित और अनियमितताओं से मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। धान खरीदी केंद्रों में अवैध धान की आवक, दूसरे जिलों से धान लाने और धान के पुनर्चक्रण पर निगरानी रखने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। जिला एवं तहसील स्तर पर जांच समितियों और उड़नदस्ता दलों का गठन भी किया गया है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जिले के सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। वहीं 60 समितियों में स्थानीय स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है।











